हरिद्वार(संदीप तोमर)। भूत-प्रेत और ऊपरी बाधा दूर करने के नाम पर शातिर ठगों ने तंत्र-मंत्र का ऐसा जाल बिछाया गया कि हरियाणा का एक युवक अपनी मेहनत के 4.60 लाख रुपये लेकर हरिद्वार आ पहुंचा। यहां चंडी देवी मंदिर क्षेत्र में युवक को उलझाने के बाद तीनों शातिर नकदी लेकर चंपत हो गए। इधर,लूट की सूचना पर हरकत में आई पुलिस ने मुख्यमंत्री के निर्देश पर चल रहे ‘ऑपरेशन कालनेमि’ के तहत रातों-रात पूरे मामले का न सिर्फ पर्दाफाश किया। बल्कि पौड़ी गढ़वाल की युवती समेत तीनों आरोपितों को दबोच कर शत प्रतिशत नकदी भी बरामद कर ली। एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस टीम को शाबाशी दी है।
लूट की सूचना,खुली ठगी की परतें
16 जुलाई की रात करीब 9:36 बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि चंडी माता मंदिर के पास एक व्यक्ति से लाखों रुपये लेकर आरोपी फरार हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पहले इसे लूट की घटना मानकर कार्रवाई शुरू की। लेकिन जांच के दौरान पूरा घटनाक्रम सामने आया और पता चला कि पीड़ित को योजनाबद्ध तरीके से तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगा गया है।
——––——-
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विशेष टीम गठित की गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी श्यामपुर नितेश शर्मा स्वयं पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सभी चेक पोस्ट और पिकेट अलर्ट कराते हुए जिलेभर में नाकाबंदी कराई और चौकी चंडीघाट प्रभारी उपनिरीक्षक संतोष सेमवाल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और सघन चेकिंग के आधार पर पुलिस ने चिड़ियापुर माइनिंग चेक पोस्ट के पास से पूरे गिरोह को दबोच लिया।
हरियाणा से बुलाया,फिर रचा पूरा खेल
मामले में पीड़ित विनोद कुमार पुत्र वीर सिंह, निवासी इंद्रा कॉलोनी,लिवासपुर, थाना बहालगढ़,जिला सोनीपत (हरियाणा) हैं। आरोपियों ने उन्हें विश्वास दिलाया कि विशेष तांत्रिक पूजा से उनकी समस्याएं और कथित भूत-प्रेत का साया दूर हो जाएगा। इसके लिए 4.60 लाख रुपये खर्च होने की बात कहकर उन्हें चंडी देवी मंदिर के पास बुलाया गया। यहां आरोपियों ने एक लाल धागे से बंधा मिट्टी का मटका उनके हाथ में देकर मंत्र जाप करने को कहा,जबकि नकदी से भरा बैग अपनी एंडेवर कार में रखवा लिया। कुछ देर बाद पूजा का सामान लाने का बहाना बनाकर तीनों मौके से फरार हो गए।
यूट्यूब चैनल बना ठगी का हथियार
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ‘AGHORA’ अघोरा नाम से यूट्यूब चैनल चलाते थे। इस चैनल पर तंत्र-मंत्र, चमत्कार,भूत-प्रेत और ऊपरी बाधा दूर करने से जुड़े वीडियो अपलोड किए जाते थे। वीडियो देखकर प्रभावित लोग अपनी परेशानियों का समाधान पाने के लिए आरोपियों से संपर्क करते थे। आरोपी पहले उनका विश्वास जीतते और फिर विशेष पूजा, अनुष्ठान और तंत्र क्रिया के नाम पर मोटी रकम ऐंठ लेते थे।
12 घंटे में गिरफ्तारी,4.55 लाख रुपये बरामद
लगातार दबिश,सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने चिड़ियापुर माइनिंग चेक पोस्ट के पास से मलकीत उर्फ राकेश शर्मा उर्फ मोहित, मोन्टी जोशी और अर्चना रावत को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के कब्जे से 4.55 लाख रुपये नकद,घटना में प्रयुक्त सफेद एंडेवर कार (UK17D-2527),आईफोन 17 प्रो मैक्स तथा तंत्र-मंत्र में प्रयुक्त मिट्टी का मटका,पीला कपड़ा और रोली-कलावा बरामद किया गया।
पूछताछ में कबूला पूरा खेल
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सोशल मीडिया और यूट्यूब के माध्यम से लोगों में विश्वास पैदा करते थे। इसके बाद अंधविश्वास और भय का माहौल बनाकर लाखों रुपये और आभूषण ठग लेते थे। पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने उत्तराखंड के अलावा अन्य राज्यों में भी इसी तरह कई लोगों को अपना शिकार बनाया है। इसकी जांच की जा रही है।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
मलकीत उर्फ राकेश शर्मा उर्फ मोहित पुत्र श्रवण सिंह उर्फ नमो शांत शर्मा,निवासी मंडावर,बिजनौर,हाल निवासी चंद्रमणी,देहरादून।
मोन्टी जोशी,पुत्र मुनेश कुमार जोशी,निवासी सब्जी मंडी के पास,थाना पटेलनगर, देहरादून।
अर्चना रावत,पुत्री स्व. हरीश रावत,निवासी ग्राम नवासू, थाना थैलीसैण,पौड़ी गढ़वाल, हाल निवासी तुनुवाला, भद्रकाली,देहरादून।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी श्यामपुर नितेश शर्मा,चौकी चंडीघाट प्रभारी एवं विवेचक उपनिरीक्षक संतोष सेमवाल, अपर उपनिरीक्षक रविन्द्र गौड़,कांस्टेबल ओमवीर सिंह, कांस्टेबल राहुल देव, कांस्टेबल मनमोहन सैनी, चालक कांस्टेबल मोहन सिंह रावत,होमगार्ड नितिन चौहान व महिला पीआरडी राजकुमारी शामिल रहे।
पुलिस की अपील
हरिद्वार पुलिस ने लोगों से अपील की है कि तंत्र-मंत्र, भूत-प्रेत,ऊपरी बाधा या चमत्कार के नाम पर धन मांगने वाले किसी भी व्यक्ति या सोशल मीडिया चैनल के झांसे में न आएं। ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 या निकटतम पुलिस थाने को दें।
