Oplus_16908288
रुड़की(संदीप तोमर)। मौसम विभाग द्वारा 5 सितंबर को जनपद में भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने छात्रहित एवं बालहित को देखते हुए जनपद के सभी राजकीय,परिषदीय,सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को शनिवार,5 सितंबर को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
भारत मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून की ओर से 4 सितंबर को जारी मौसम पूर्वानुमान में 5 सितंबर को हरिद्वार जिले में कहीं-कहीं भारी वर्षा के साथ गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 30(2) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को एक दिन के लिए बंद रखने के आदेश दिए हैं। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी,सभी तहसीलों और संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आदेश की अवहेलना करने वाले विद्यालय अथवा संबंधित विभाग के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
