रुड़की(संदीप तोमर)। कांवड़ मेला-2026 को सकुशल,सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। एक ओर करोड़ों शिवभक्तों के लिए विस्तृत सुरक्षा एडवाइजरी जारी की गई है,वहीं दूसरी ओर मेले में दिन-रात ड्यूटी देने वाले पुलिस कर्मियों के कल्याण और आवश्यक सुविधाओं के बेहतर समन्वय के लिए विशेष पुलिस कल्याण समिति का गठन किया गया है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में जारी एडवाइजरी में श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित,शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से संपन्न कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
एडवाइजरी के अनुसार कांवड़ यात्रा के दौरान जुगाड़ वाहन और रेट्रो साइलेंसर का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पैदल जल लेकर चलने वाले शिवभक्तों की कांवड़ की अधिकतम ऊंचाई 6 फीट तथा कांवड़ झांकी की ऊंचाई 10 फीट निर्धारित की गई है,ताकि ऊंची विद्युत लाइनों से दुर्घटना की आशंका न रहे और अन्य श्रद्धालुओं को भी असुविधा न हो।
पुलिस ने यात्रा के दौरान भाले,त्रिशूल,तलवार अथवा किसी भी प्रकार के हथियार लाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। साथ ही शराब या किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों के सेवन की स्थिति में हरिद्वार में प्रवेश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। सभी श्रद्धालुओं से वैध पहचान पत्र साथ रखने की भी अपील की गई है।
रेलमार्ग से आने वाले यात्रियों को विशेष रूप से आगाह किया गया है कि चलती ट्रेन की छत या अन्य असुरक्षित स्थानों पर यात्रा करना दंडनीय अपराध है। ऐसा करने वालों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शिवभक्तों से आपसी विवाद और मारपीट से बचते हुए भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के उद्देश्य से अनुशासित यात्रा करने का आग्रह किया है।
उधर,कांवड़ मेले के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों के कल्याण और आवश्यक व्यवस्थाओं के प्रभावी संचालन के लिए पुलिस अधीक्षक नगर अभय प्रताप सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही गठित पुलिस कल्याण समिति में क्षेत्राधिकारी सदर/लाइन सुरेंद्र प्रसाद बलूनी, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन प्रवीण आलोक,प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर रितेश शाह तथा थाना प्रभारी सिडकुल अजय शाह को सदस्य बनाया गया है। समिति पुलिस कर्मियों की सुविधाओं और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित करेगी।
हरिद्वार पुलिस ने सभी शिवभक्तों से नियमों का पालन करने,पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने तथा कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित,अनुशासित और सफल बनाने में सहभागिता निभाने की अपील की है।
