लक्सर(जसवीर सिंह)। भारी बारिश के कारण हुए जलभराव के बीच लक्सर पुलिस और SDRF की टीम ने समय रहते रेस्क्यू अभियान चलाकर निर्माणाधीन मकान में फंसे पिता-पुत्र को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय पर हुई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
गुरुवार को रुड़की कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि बसेड़ी के पास एक निर्माणाधीन मकान चारों ओर से पानी से घिर गया है,जहां दो लोग बीती रात से फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली लक्सर पुलिस और SDRF की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची।
संयुक्त अभियान के दौरान जलभराव के बीच सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 60 वर्षीय श्रीराम और उनके 40 वर्षीय पुत्र संजय, निवासी सिमली(लक्सर) को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। दोनों निर्माणाधीन मकान में कार्य कर रहे थे और अचानक जलभराव होने से बाहर नहीं निकल सके थे।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि लगातार हो रही बारिश के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस या प्रशासन को सूचना दें।
