लक्सर(जसवीर सिंह)। नवगठित लक्सर अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को चंदन पैलेस में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में हरिद्वार के जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र दत्त ने संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सेठपाल सिंह, सचिव ऋषिपाल चौहान सहित सभी पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था की मजबूती बार और बेंच के बीच आपसी विश्वास,समन्वय और सहयोग पर आधारित होती है। अधिवक्ताओं को न्यायिक गरिमा,नैतिक मूल्यों और संगठन की एकता को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि लक्सर में तीसरी बार अधिवक्ता संघ का गठन हुआ है,जो क्षेत्र की न्यायिक व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से संगठन को मजबूत बनाने तथा आमजन को बेहतर न्यायिक सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन की गरिमा बनाए रखते हुए अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा और न्यायिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य करने का संकल्प लिया।
