संदीप तोमर
रुड़की/पिरान कलियर। ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने वाहन चोरी के एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें एक बाइक पिरान कलियर क्षेत्र से जबकि दूसरी हरियाणा के यमुनानगर से चोरी की गई थी।
पुलिस के अनुसार नई गंगनहर स्थित रॉयल पैलेस के बाहर से चोरी हुई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के संबंध में दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सिंचाई विभाग कार्यालय धनौरी के पास से आरोपी अली पुत्र सलीम निवासी मुर्करबपुर,थाना पिरान कलियर(मूल निवासी ननौता,सहारनपुर) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर जंगल में छिपाई गई एक और चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की गई,जो हरियाणा के यमुनानगर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे और अधिक पैसा कमाने के लालच में मोटरसाइकिलें चोरी करता था तथा चोरी की बाइक बेचने की फिराक में था। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक कुंदन सिंह,हेड कांस्टेबल इसरार अली,माजिद खान एवं अनीश अहमद की टीम ने अंजाम दिया।
