मंगलौर(संदीप तोमर)। हरिद्वार पुलिस के लंबित मुकदमों के समयबद्ध निस्तारण अभियान के तहत कोतवाली मंगलौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्ष 2007 से लंबित 100 आबकारी माल मुकदमों का सफलतापूर्वक निस्तारण कराया। माननीय न्यायालय के आदेश पर जब्त अवैध शराब एवं उससे संबंधित सामग्री का नियमानुसार विनिष्टीकरण (नष्ट)किया गया।
12 जुलाई 2026 को माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम,रुड़की के आदेश के अनुपालन में कोतवाली मंगलौर परिसर में यह कार्रवाई सहायक अभियोजन अधिकारी सुश्री अलीशा खान तथा प्रभारी निरीक्षक भगवान महर की मौजूदगी और देखरेख में संपन्न हुई।
इस दौरान मालखाने में वर्षों से सुरक्षित रखी गई विभिन्न मामलों की देशी एवं अंग्रेजी अवैध शराब,साथ ही शराब निर्माण एवं तस्करी में प्रयुक्त अन्य उपकरणों को सभी वैधानिक औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद नियमानुसार नष्ट किया गया।
इस कार्रवाई के साथ वर्ष 2007 से लंबित 100 आबकारी मामलों का विधिवत निस्तारण हो गया। हरिद्वार पुलिस का कहना है कि लंबित मुकदमों के शीघ्र निस्तारण और मालखानों में रखी पुरानी जब्त सामग्री के समयबद्ध विनिष्टीकरण की प्रक्रिया आगे भी लगातार जारी रहेगी,जिससे अभिलेखों का सुव्यवस्थित प्रबंधन सुनिश्चित होगा और न्यायिक प्रक्रिया को भी गति मिलेगी।
