Oplus_16908288
रुड़की(संदीप तोमर)। कलियर कोतवाली क्षेत्र के बाजूहेड़ी गांव में बीती गुरुवार देर रात पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।आरोप है कि प्रधान पति ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से सगे भाई पर गोली चला दी। गोली लगने से 50 वर्षीय राजेश सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए,जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया,जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, बाजूहेड़ी निवासी प्रधान पति किशोर सैनी और उनके भाई राजेश सैनी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप है कि कथित रूप से किशोर सैनी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर राजेश पर गोली चला दी। गोली लगते ही राजेश लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर क्षेत्राधिकारी सुमित पांडेय,कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी,एसएसआई राजेश बिष्ट तथा धनौरी चौकी प्रभारी पुष्कर सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया,जहां उसका उपचार जारी है।
घटनास्थल का फोरेंसिक टीम ने भी बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस पूरे घटनाक्रम की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है। आरोपी घटना के बाद से फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कोतवाल कमल मोहन भंडारी के अनुसार घायल को रात में ही रुड़की अस्पताल से रेफर किया गया है,लेकिन चिकित्सकों ने उनकी हालत अभी खतरे से बाहर बताई है।
