रुड़की(संदीप तोमर)। युवा कांग्रेस नेता प्रणय प्रताप सिंह की संगठनात्मक सक्रियता उस समय देखने को मिली,जब उनके संयोजन में बेहद कम समय के नोटिस पर आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में अपेक्षा से कहीं अधिक संख्या में युवा और छात्र-छात्राएं जुटे। रामनगर चौक स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ ने युवा कांग्रेस की सक्रियता का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक देश युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। मेहनती और प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं निराश हो रहे हैं, जबकि मध्यमवर्गीय परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाते हुए पेपर लीक मुक्त एवं जवाबदेह परीक्षा प्रणाली लागू की जानी चाहिए तथा सभी प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्तियों का वार्षिक अकादमिक कैलेंडर जारी किया जाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा का व्यवसायीकरण बढ़ा है और शिक्षा के नाम पर माफिया सक्रिय हैं। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग करते हुए शिक्षा माफिया से कथित गठजोड़ की निष्पक्ष जांच कराने की बात कही।
एआईसीसी के राष्ट्रीय सचिव एवं मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन ने आरोप लगाया कि सरकार सरकारी विद्यालयों को बंद कर निजी शिक्षण संस्थानों को बढ़ावा दे रही है, जिससे शिक्षा आम लोगों की पहुंच से दूर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देशभर में छात्रों के मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं। सभी वक्ताओं ने 17 जुलाई को देहरादून में राहुल गांधी के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचने का आह्वान युवाओ से किया।
कार्यक्रम में युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर,कलियर विधायक फुरकान अहमद,चकराता विधायक प्रीतम सिंह,जिलाध्यक्ष सचिन चौधरी,महानगर अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह,राव बिलावर,उदय सिंह पुंडीर,सुभाष सैनी,कलीम खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
