रुड़की(संदीप तोमर)। केंद्र सरकार के उपक्रम ग्रिड कंट्रोलर ऑफ इंडिया लिमिटेड के निदेशक मंडल में गैर-सरकारी स्वतंत्र निदेशक नियुक्त होने पर भाजपा के वरिष्ठ नेता मयंक गुप्ता का रुड़की स्थित उनके आवास पर भव्य अभिनंदन किया गया। इस दौरान भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मयंक गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा उन्हें जो महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है,उसका वह पूरी निष्ठा,ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और वह इस अभियान में अपनी भूमिका पूरी प्रतिबद्धता से निभाएंगे।
उन्होंने इस जिम्मेदारी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और हरिद्वार लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं,बल्कि रुड़की और उत्तराखंड के प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता का सम्मान है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन और जनसेवा के मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्व का निर्वहन करेंगे। साथ ही उन्होंने देहरादून में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत से भेंट कर उनका भी आभार जताया।
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा नेताओं ने मयंक गुप्ता की संगठन के प्रति निष्ठा,सक्रिय कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उनकी नियुक्ति को क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया तथा सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख कवींद्र चौधरी,भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष विभोर सेठी,संजय प्रजापति,विक्रम गर्ग,अभिषेक मित्तल,मनोज मेहरा,रामगोपाल कंसल,नवीन गुलाटी,पंकज नंदा,योगी रोड,रोमा सैनी,रश्मि चौधरी,धीरज पाल,अनुज त्यागी,सुधीर चौधरी,बी.एल.अग्रवाल,भरत कपूर,बृजेश गुप्ता,अमित अग्रवाल,अवनीश त्यागी,संजय पाल,नरेंद्र आहूजा,संजय त्यागी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
