लक्सर(जसवीर सिंह)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के स्थापना दिवस के अवसर पर लक्सर स्थित चंदन पैलेस में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों,शिक्षकों और भाजपा कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरिद्वार सांसद एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं और उनके संस्कार,शिक्षा एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण से भारत का उज्ज्वल भविष्य तय होगा। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद वर्षों से युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक दायित्व और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ चरित्र निर्माण और समाज सेवा को भी जीवन का लक्ष्य बनाने का आह्वान किया।
समारोह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करता है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने से अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने सभी सम्मानित छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
दर्जाधारी मंत्री ओम प्रकाश जमदग्नि ने अपने संबोधन में कहा कि देश को आगे बढ़ाने की सबसे बड़ी शक्ति युवा वर्ग है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन,परिश्रम और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ABVP ने हमेशा छात्र हितों के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
समारोह के दौरान सम्मानित छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और गौरव का माहौल रहा। अंत में अतिथियों का सम्मान किया गया तथा आयोजकों ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
