रुड़की(संदीप तोमर)। खुलासा न्यूज द्वारा जनहित में प्रसारित की गई शहर के गणेश चौक के समीप 11 हजार वोल्ट विद्युत लाइन का एक खंभा पिछले दिनों की बारिश के बाद नीचे से मिट्टी दरकने के कारण गंभीर रूप से तिरछा होने के कारण खंभा किसी भी समय गिरने की आशंका की खबर को प्रशासन ने बेहद गम्भीरता से लिया है। आसपास के मकानों,दुकानों और राहगीरों की जान-माल को खतरा पैदा होने की आशंका को देखते हुए खुलासा न्यूज द्वारा खबर प्रसारित किए जाने के 17 घंटे के भीतर खंबे को सीधा करने के साथ ही गड्ढे को मिट्टी,सीमेंट व कंक्रीट आदि से भर दिया गया है।
गौरतलब है कि शनिवार शाम खुलासा न्यूज ने रेलवे रोड पर गणेश चौक के समीप इस खतरनाक स्थिति की खबर प्रसारित की गई थी। आज सुबह 10 बजे के हिसाब से देखें तो 17 घंटे पूर्व प्रसारित हुई खबर पर प्रशासन तमाम कांवड़ तैयारियों व जलभराव से लोगों को राहत दिलाने में व्यस्त होने के चलते भी हरकत में आया। आज रविवार को खुलासा न्यूज के सहयोगी दैनिक जनभारत मेल में भी इस बाबत खबर प्रकाशित हुई। जिसमें क्षेत्रवासियों का आरोप था कि लगातार बारिश के साथ ही हाल ही में डाली गई पाइपलाइन में रिसाव होने से खंभे के आसपास की मिट्टी लगातार कटती रही,जिसके चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई। खंभे के पास मिट्टी धंसने से गहरा गड्ढा बन गया था,जिसमें कई राहगीर और वाहन चालक गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।
यह मार्ग शहर के व्यस्त क्षेत्रों में शामिल है,जहां दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में यदि 11 हजार वोल्ट का यह विद्युत खंभा गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग और प्रशासन से मांग की थी कि संभावित दुर्घटना को देखते हुए तत्काल खंभे को सुरक्षित किया जाए तथा क्षतिग्रस्त स्थान की मरम्मत कर खतरे को टाला जाए। समय रहते कार्रवाई नहीं होने पर कभी भी गंभीर दुर्घटना की आशंका जताई गई थी। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेठ ने इन खबरों को गंभीरता से लिया और उन्होंने पाइप लाइन डालने वाले जल निगम व बिजली विभाग को तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। जिस पर आज सुबह लगभग 10 बजे बिजली विभाग द्वारा शट डाउन लिए जाने के बाद जल निगम की ओर से मौके पर काम शुरू कराया गया। जितना सीधा हो सकता था,खंबे को उतना सीधा किया गया। तत्पश्चात गड्ढे में मिट्टी,सीमेंट व कंक्रीट आदि भरा गया। क्षेत्र के लोगों ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेठ के साथ ही खुलासा न्यूज और दैनिक जनभारत मेल का आभार जताया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के निर्देश पर मौके पर पहुंचे कानूनगो सुभाष जैमिनी ने कहा कि ऐसी किसी भी खतरे की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस-प्रशासन को सूचना दें।
