Oplus_16908288
रुड़की(संदीप तोमर)। विशेष गहन पुनरीक्षण(एसआईआर) अभियान के दौरान कलियर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का मामला सामने आया है। कलियर विधायक फुरकान अहमद ने निर्वाचन अधिकारियों से शिकायत करते हुए संदिग्ध मतदाताओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
विधायक फुरकान अहमद का कहना है कि कलियर विधानसभा क्षेत्र के शांतरशाह स्थित बूथ संख्या-48 की मतदाता सूची में 100 से अधिक मतदाताओं के पिता का एक ही नाम ‘रामदेव’ दर्ज है। उनका कहना है कि इतने बड़े पैमाने पर एक ही पिता के नाम पर मतदाताओं का दर्ज होना हास्यास्पद होने के साथ-साथ गंभीर जांच का विषय भी है। उन्होंने आशंका जताई कि यह तकनीकी त्रुटि अथवा फर्जी मतदान से जुड़ा मामला हो सकता है।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान मतदाता सूची को शुद्ध,पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। ऐसे में यदि किसी बूथ पर फर्जी या गलत तरीके से नाम दर्ज हुए हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। विधायक ने निर्वाचन अधिकारियों से पूरे मामले की गहन जांच कर मतदाता सूची में पाई जाने वाली अनियमितताओं को दूर करने की मांग की है।
