रुड़की(संदीप तोमर)। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के कुशल निर्देशन में हरिद्वार जिले की पुलिस ने अपराध व अपराधियों के खिलाफ गर्दा काट रखा है। इधर बहादराबाद पुलिस ने पत्नी की बीमारी से परेशान हुए पति द्वारा पत्नी को जहर देकर मार दिए जाने की सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार किया है तो उधर भगवानपुर पुलिस ने भांजे की हत्या के आरोपी मामा को घटना के 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया है। मामा की ही पुत्री से ब्याहे भांजे द्वारा पत्नी को तलाक दिया जाना इस घटना की वजह बना। इसी तरह कलियर पुलिस द्वारा 24 घंटे में नाबालिग के अपहरण की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने अपनी पत्नी को जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने के आरोप में फरार चल रहे पति को गिरफ्तार कर सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशन में की गई कार्रवाई में वैज्ञानिक साक्ष्यों और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 4 फरवरी 2026 को मरगूबपुर निवासी मोहम्मद अनीश ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी बहन को उसके पति अफजाल ने इलाज के बहाने पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया,जिससे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शिकायत के आधार पर कोतवाली बहादराबाद में मुकदमा दर्ज कर विवेचना प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने स्वयं अपने स्तर पर की।
जांच के दौरान घटनास्थल से भौतिक साक्ष्य जुटाए गए और पोस्टमार्टम के बाद विसरा परीक्षण के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया। एफएसएल रिपोर्ट में मृतका की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से होने की पुष्टि हुई। वैज्ञानिक साक्ष्यों और विवेचना में आरोपी पति की भूमिका स्पष्ट होने पर उसकी तलाश तेज कर दी गई।
लगातार फरार चल रहे आरोपी अफजाल को पुलिस ने सूचना के आधार पर 27 जून 2026 को बढ़ेड़ी राजपूतान हाईवे पुल, शांतर्शाह क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पत्नी की बीमारी से परेशान था और इसी कारण उसने उसे जहरीला पदार्थ देकर मौत के घाट उतार दिया।
गिरफ्तार आरोपी अफजाल (38) पुत्र मुस्लिम निवासी मिर्जापुर मुस्तफाबाद, कोतवाली बहादराबाद,जनपद हरिद्वार के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह,उपनिरीक्षक करम सिंह,कांस्टेबल अरुण चमोली तथा कांस्टेबल विकास थापा शामिल रहे।
48 घंटे के भीतर पकड़ा गया भांजे का कातिल मामा
भगवानपुर। भगवानपुर पुलिस ने हल्लूमाजरा चौक स्थित गुफरान चिकन सेंटर के पास हुई युवक की हत्या का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 26 जून को धारदार हथियार से घायल किए गए मुफीद पुत्र मतलूब निवासी रोलाहेड़ी,थाना पिरान कलियर को गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया था,जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर 27 जून को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज,सर्विलांस, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच करते हुए 48 घंटे के भीतर आरोपी शहनवाज पुत्र मीरू निवासी बड़ीवाला,थाना छपार, जनपद मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश)को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पुत्री का प्रेम विवाह उसके सगे भांजे मुफीद से हुआ था। बाद में दोनों के बीच विवाद बढ़ने से तलाक की स्थिति बन गई। आरोपी अपनी पुत्री का वैवाहिक जीवन टूटने के लिए मुफीद को जिम्मेदार मानता था। इसी रंजिश में उसने पूर्व नियोजित योजना के तहत भगवानपुर आकर चाकू खरीदा और मौका मिलने पर मुफीद पर ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू तथा रक्तरंजित कपड़े बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आवश्यक धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
24 घंटे में नाबालिग अपहरण कांड का खुलासा,आरोपी गिरफ्तार
रुड़की। पिरान कलियर कोतवाली पुलिस ने नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने नाबालिग को सकुशल बरामद कर जिला बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे संरक्षण में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 27 जून को बेड़पुर निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया था कि उसकी नाबालिग पुत्री को सोहलपुर निवासी नितिन उर्फ रामकुमार बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल एवं संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों,मुखबिर तंत्र और मैनुअल पुलिसिंग की मदद से आरोपी की तलाश की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने माजरी चौक,इमलीखेड़ा से आरोपी को दबोच लिया तथा उसके कब्जे से नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने नाबालिग को विवाह का झांसा देकर अपने साथ ले जाने की बात स्वीकार की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ पोक्सो अधिनियम की धाराएं भी बढ़ा दी हैं। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
