रुड़की(संदीप तोमर))। रुड़की क्षेत्र के गांव जौरासी जबरदस्तपुर में सरकारी राशन वितरण को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। दर्जनों ग्रामीणों ने कोटेदार पर राशन वितरण में अनियमितता के गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार की ओर से तीन महीने का राशन उपलब्ध कराया जाता है,लेकिन उन्हें केवल एक महीने का ही राशन दिया जा रहा है। उनका कहना है कि जब लाभार्थी अपने पूरे राशन की मांग करते हैं तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है और राशन से वंचित करने की धमकी भी दी जाती है।
ग्रामीणों के अनुसार उन्होंने इस संबंध में खाद्य पूर्ति विभाग से शिकायत की थी। शिकायत के बाद गठित जांच समिति ने मामले की जांच कर कोटेदार का कोटा निरस्त करने की संस्तुति भी की थी। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों ने विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और पात्र लाभार्थियों को उनका पूरा राशन उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं अब यह देखना होगा कि विभाग इस मामले में कब तक प्रभावी कार्रवाई करता है और ग्रामीणों की शिकायतों का समाधान कैसे सुनिश्चित किया जाता है।
