हरिद्वार(संदीप तोमर)। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पूरे जनपद में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत कोतवाली नगर हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ₹500-500 के 169 नकली नोट (कुल ₹84,500) के साथ गुरदासपुर(पंजाब)निवासी चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से नकली करेंसी गिरोह में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार 5/6 जुलाई की रात चेकिंग के दौरान मेला अस्पताल की ओर से आ रहे चार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चारों भागने लगे,लेकिन पुलिस टीम ने बिल्केश्वर तिराहे से टिबड़ी तिराहे के बीच घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। तलाशी में उनके कब्जे से ₹500 के 169 जाली नोट बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ₹20 हजार देकर ₹1 लाख के नकली नोट गुरदासपुर के एक सप्लायर से खरीदे थे और उन्हें असली नोट के रूप में बाजार में चलाने के लिए हरिद्वार लाए थे। आरोपियों ने कुछ नकली नोटों से खरीदारी करने की बात भी स्वीकार की है।
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पूरे सिंडिकेट का भंडाफोड़ करने और मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। नकली नोटों की बरामदगी के बाद केंद्रीय एजेंसियां भी मामले की गोपनीय जांच में जुट गई हैं।
गिरफ्तार आरोपी:सरजीत सिंह पुत्र करनाल सिंह,टिंकू पुत्र सरजीत सिंह,सुमित कुमार पुत्र संजीव कुमार,संजीव कुमार पुत्र रघुवीर सिंह,चारों निवासी गुरदासपुर,पंजाब हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा,वरिष्ठ उपनिरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट,उपनिरीक्षक संजीत कण्डारी,उपनिरीक्षक ऋषिकांत पटवाल,उपनिरीक्षक नवीन नेगी,उपनिरीक्षक नवीन चौहान,उपनिरीक्षक राधाकृष्ण रतूड़ी,कांस्टेबल(नापु) विनोद कुमार,कांस्टेबल सचिन सिंह,कांस्टेबल सचिन पाण्डेय,कांस्टेबल नवीन जोशी शामिल रहे। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
