रुड़की/लक्सर(संदीप तोमर/जसवीर सिंह)। जनपद हरिद्वार में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने सोमवार को लक्सर क्षेत्र की बाजार चौकी,रायसी चौकी तथा झबरेड़ा क्षेत्र की लखनौता पुलिस चौकी के नवनिर्मित भवनों का विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं फीता काटकर लोकार्पण किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, क्षेत्रीय नागरिकों तथा पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में नए भवनों को जनता को समर्पित किया गया।
अब तक तीनों पुलिस चौकियां किराये एवं अस्थायी भवनों में संचालित हो रही थीं। मुख्यमंत्री की प्राथमिकता के तहत पेयजल विभाग द्वारा लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्थायी भवनों का निर्माण कराया गया है। लोकार्पण के साथ ही तीनों चौकियों का पुलिस स्टाफ आवश्यक संसाधनों सहित नए भवनों में स्थानांतरित हो गया।
एसएसपी नवनीत सिंह ने पूजा-अर्चना के बाद चौकी परिसरों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित इन भवनों के संचालन से कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। साथ ही पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा और आमजन को अपनी समस्याएं बताने के लिए सुविधाजनक एवं भरोसेमंद माहौल उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को त्वरित,पारदर्शी एवं प्रभावी सेवा उपलब्ध कराना है।
लोकार्पण कार्यक्रम के बाद एसएसपी ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कार्यालय,रुड़की के ऊपरी तल पर नव-निर्मित कक्षों का निरीक्षण कर उन्हें महिला हेल्पलाइन तथा साइबर क्राइम सेल के लिए आवंटित किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को महिलाओं एवं साइबर अपराध से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल,लक्सर, रुड़की एवं भगवानपुर के सभी क्षेत्राधिकारी (सीओ),देहात क्षेत्र के थाना प्रभारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने नई पुलिस चौकियों और नई व्यवस्थाओं के लिए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
