रुड़की(संदीप तोमर)। देशभर में NEET-UG परीक्षा विवाद और पेपर लीक मामले को लेकर युवाओं में बढ़ते आक्रोश की गूंज अब रुड़की में भी सुनाई दी। यहां यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मशाल जुलूस निकालकर केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। युवाओं के हाथों में जलती मशालें और विरोधी तख्तियां थीं,जबकि परीक्षा अनियमितताओं और पेपर लीक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। यूथ कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ओवैस अंसारी के नेतृत्व में निकाला गया यह मशाल जुलूस नगर निगम चौक से शुरू होकर सिविल लाइंस,मुख्य बाजार और शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा। प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों और परीक्षा प्रणाली की खामियों ने लाखों मेहनती छात्रों के भविष्य को अधर में लटका दिया है। इस मौके पर यूथ कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री प्रणय प्रताप सिंह ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि मेहनत करने वाले छात्रों का भरोसा लगातार टूट रहा है और यदि परीक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। मशाल जुलूस में कांग्रेस महानगर अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह,पूर्व महापौर गौरव गोयल,कांग्रेस नेता सुभाष सैनी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
