Oplus_16908288
सहारनपुर(संदीप तोमर)। आतंकवाद निरोधक दस्ता(एटीएस),उत्तर प्रदेश को सहयोगी इकाइयों से सूचना मिल रही थी कि भारतीय युवाओं को भ्रमित कर एवं आर्थिक लाभ का प्रलोभन देकर एक सुनियोजित षड्यंत्र के तहत देश में सांप्रदायिक सौहार्द, एकता, अखंडता, संप्रभुता एवं सुरक्षा को क्षति पहुँचाने तथा भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था को अस्थिर करने के उद्देश्य से विभिन्न राज्यों में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के निर्देश पर पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी एवं आकिद जट्ट के आतंकी नेटवर्क द्वारा विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से स्लीपर सेल बनाने व आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने हेतु उकसाने का कार्य किया जा रहा है।
प्राप्त सूचनाओं के क्रम में एटीएस उत्तर प्रदेश एवं एसटीएफ उत्तर प्रदेश द्वारा संयुक्त रूप से प्रदेश में लगभग 200 संदिग्धों को खंगाला गया, जिसमें कुछ महत्वपूर्ण तथ्य मिले हैं, जिन पर एटीएस उत्तर प्रदेश द्वारा अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। इससे पूर्व भी एटीएस उत्तर प्रदेश द्वारा पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी एवं आकिद जट्ट के प्रदेश में नेटवर्क को तोड़ने के लिए 02 अभियोग पंजीकृत कर, इनसे जुड़े कई अभियुक्तों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुँचाया गया है।
दिनांक 26.05.2026 को एटीएस उत्तर प्रदेश द्वारा चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। उपरोक्त अभियुक्तों से पूछताछ करने पर महकाब और गगनदीप उर्फ गुरी ने बताया कि इंस्टाग्राम के माध्यम से पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी एवं आकिद जट्ट से जुड़े थे। आकिद जट्ट द्वारा इन लोगों को अन्य राज्य की एक राजनीतिक पार्टी के कार्यालय, अस्पताल व एक व्यक्ति, जिसके कई स्कूल हैं, को निशाना बनाकर उड़ाने के लिए, रेकी करने के लिए कहा गया था। आकिद जट्ट ने यह भी कहा था कि यह काम हो जाने के बाद इन लोगों को अगला टारगेट दिया जाएगा।
आकिद जट्ट ने वीडियो कॉल के माध्यम से इन लोगों को भारत में कई जगहों पर आतंकी गतिविधियों को अंजाम देकर दहशत फैलाने के लिए अधिक से अधिक युवाओं को अपने साथ जोड़ने के लिए भी कहा गया था। गैंगस्टर शहजाद भट्टी एवं आकिद जट्ट के आतंकी मंसूबों को अंजाम देने के लिए महकाब और गगनदीप ने अपने साथ शाहरुख और मुशर्रफ को भी जोड़ा। इनके द्वारा मुशर्रफ और शाहरुख के साथ आपस में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अस्पताल उड़ाने के लिए रेकी और हथियार आदि खरीदने की बात की जा रही थी। महकाब व गगनदीप ने नोएडा में एक मीटिंग की थी, जिससे वे अपने आतंकी मंसूबों को अंजाम दे सकें तथा पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं को खुश कर सकें। मीटिंग में अभियुक्तों के बीच पैसे व हथियार आदि लेने की बात हुई थी।
एटीएस उत्तर प्रदेश द्वारा तत्परतापूर्वक कार्रवाई करते हुए सहारनपुर से इनकी गिरफ्तारी की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध मु.अ.सं. 06/2026, अंतर्गत धारा-55, 152, 61(2) बीएनएस-2023 पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त:
1. महकाब (उम्र करीब 22 वर्ष) पुत्र हसरत, निवासी ढीक्का कला, सरसावा, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश।
2. गगनदीप उर्फ गुरी सिंह (उम्र करीब 25 वर्ष) पुत्र हरमीत सिंह, निवासी शाहपुर, रामराज, मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश।
3. शाहरुख (उम्र करीब 20 वर्ष) पुत्र इकराम, निवासी ढीक्का कला, सरसावा, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश।
4. मुशर्रफ (उम्र करीब 22 वर्ष) पुत्र मुबारक, निवासी डंढेरा,कोतवाली रुड़की, हरिद्वार, उत्तराखंड।
