Oplus_16908288
रुड़की(संदीप तोमर)। देवभूमि मानवाधिकार सेवा संघ संस्था के अध्यक्ष विवेक गुप्ता ने बताया कि संघ लगातार सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। इसी क्रम में कल रविवार 14 जून को गौशाला परिसर चावमंडी में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी शिविर में 100 से अधिक यूनिट रक्त संग्रह करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में योगदान देने की अपील की।
देवभूमि मानवाधिकार सेवा संघ द्वारा समाज सेवा और जनजागरूकता के उद्देश्य से उक्त विशाल रक्तदान शिविर तथा सात दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में पूरे कार्यक्रम की बाबत संस्था अध्यक्ष विवेक गुप्ता ने नेहरू नगर स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में जानकारी दी।
संस्था के सचिव आकाश जैन ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 15 जून से 21 जून तक सात दिवसीय योग शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर सिविल लाइंस स्थित त्यागी डेयरी के समीप लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिविर के लिए बड़ी संख्या में लोगों ने पंजीकरण कराया है। योग शिविर के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित योग करने और शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
संस्था के संरक्षक चैरब जैन ने कहा कि वर्तमान समय में लोगों की दिनचर्या लगातार व्यस्त होती जा रही है,जिसके कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ रही हैं। ऐसे में रक्तदान और योग जैसे सामाजिक अभियान समय की आवश्यकता हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है,क्योंकि इससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। वहीं योग व्यक्ति को शारीरिक,मानसिक और आध्यात्मिक रूप से मजबूत बनाता है। उन्होंने शहरवासियों से इन दोनों आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से ही ऐसे जनहित के कार्यक्रम सफल होते हैं और एक स्वस्थ एवं जागरूक समाज का निर्माण संभव है।
संस्था के कोषाध्यक्ष नरेंद्र कुमार आहूजा ने कहा कि देवभूमि मानवाधिकार सेवा संघ शहर और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए निरंतर जनहित के कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। ऐसे आयोजनों से समाज को प्रत्यक्ष लाभ मिलता है और लोगों में सेवा तथा मानवता की भावना को भी बल मिलता है। पत्रकार वार्ता के दौरान संस्था के विधि सलाहकार एवं योग शिक्षक दिनेश धीमान,योग शिक्षिका सर्वेश गोस्वामी सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
