रुड़की(संदीप तोमर)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चलाए जा रहे माल निस्तारण अभियान के तहत कोतवाली मंगलौर पुलिस ने आयुध अधिनियम के विभिन्न मामलों में जब्त 63 माल मुकदमाती वस्तुओं का नियमानुसार निस्तारण किया। कार्रवाई शनिवार को कोतवाली परिसर में निर्धारित प्रक्रिया के तहत संपन्न कराई गई। इसमें अवैध तमंचे,पिस्टल व चाकू आदि पर बुलडोजर चलाकर उन्हें कबाड़ में बदल दिया गया।
निस्तारण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की,पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रुड़की,प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मंगलौर,मालखाना मोहर्रिर तथा नगर पालिका मंगलौर के सभासद मौजूद रहे।अधिकारियों की निगरानी में जब्त अवैध हथियारों सहित संबंधित माल का नियमानुसार निस्तारण किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय एवं शासन के निर्देशों के अनुरूप जनपद में माल निस्तारण अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है,जिससे मालखानों में लंबित जब्त माल का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित हो सके।
दूसरी ओर कोतवाली मंगलौर क्षेत्र के ही ग्राम लिब्बरहेड़ी में फायरिंग कर हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार ग्राम लिब्बरहेड़ी निवासी विकुल कुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि आरोपियों ने उसके चचेरे भाई मोहित पर जान से मारने की नीयत से देशी तमंचे से फायर किया,जिससे वह घायल हो गया।
तहरीर के आधार पर कोतवाली मंगलौर में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) एवं 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कुंवरपाल पुत्र चौहल सिंह निवासी ग्राम लिब्बरहेड़ी,थाना मंगलौर,जनपद हरिद्वार को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विवेचना जारी है तथा आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
