रुड़की(संदीप तोमर)। हरिद्वार में एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान लगातार बड़ी सफलताएं दर्ज कर रहा है। एक सप्ताह के भीतर नकली नोटों के दो गिरोहों का पर्दाफाश करने के बाद अब गंगनहर पुलिस ने करीब दो करोड़ रुपये कीमत की 980 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद कर पंजाब के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। लगातार हो रही इन बड़ी कार्रवाइयों से साफ है कि हरिद्वार पुलिस अपराधियों और नशा तस्करों पर पूरी तरह सख्त रुख अपनाए हुए है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान 6 जुलाई 2026 को गंगनहर पुलिस ने लाठरदेवा अंडरपास के पास सड़क किनारे खड़ी एक कार में बैठे संदिग्ध युवक को देखा। पुलिस को देखकर वह भागने का प्रयास करने लगा,लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया।
तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड में छिपाकर रखी गई 980 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरविन्दर सिंह पुत्र दलवीर सिंह,निवासी ग्राम नारली,थाना खालड़ा,जिला तरणतारण(पंजाब),उम्र 38 वर्ष के रूप में हुई।
बरामदगी के आधार पर कोतवाली गंगनहर में एनडीपीएस अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पंजाब से हेरोइन खरीदकर रुड़की में बेचने के लिए लाया था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए हेरोइन सप्लाई करने वालों और खरीदने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
बरामदगी:980 ग्राम अवैध हेरोइन (अनुमानित बाजार मूल्य करीब 2 करोड़ रुपये)
आरोपी: गुरविन्दर सिंह पुत्र दलवीर सिंह,निवासी ग्राम नारली,थाना खालड़ा,जिला तरणतारण,पंजाब,उम्र 38 वर्ष।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव,वरिष्ठ उप निरीक्षक दीप कुमार,उप निरीक्षक पंकज कुमार (प्रभारी चौकी पुरानी तहसील),हेड कांस्टेबल युनुस बेग,हेड कांस्टेबल अशोक तिवारी,कांस्टेबल देवेश सिंह व कांस्टेबल नितिन कुमार शामिल रहे।
लगातार मिल रही इन बड़ी सफलताओं से स्पष्ट है कि एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस नशा तस्करों,नकली नोट गिरोहों और अन्य संगठित अपराधियों के खिलाफ आक्रामक रणनीति के साथ कार्रवाई कर रही है। पुलिस का संदेश साफ है कि जिले में अपराध और नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस सफलता पर पुलिस टीम को एसएसपी व आईजी स्तर पर इनाम भी घोषित किया है। सफलता के बाद नशा उन्मूलन को पुलिस के साथ ही समाज की जिम्मेदारी भी बताते हुए एसएसपी ने जनता से अहम अपील भी की है,जिसे आप वीडियो में देख सकते हैं।
