हरिद्वार(संदीप तोमर)। चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ यात्रा के मद्देनज़र हरिद्वार जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और अस्वच्छ खाद्य पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ रखा है। विभाग की ओर से की गई व्यापक सैंपलिंग और निरीक्षण के बाद लैब जांच में कई खाद्य पदार्थ मानकों पर खरे नहीं उतरे। इसके आधार पर विभाग ने 19 होटल,रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों के खिलाफ एडीएम कोर्ट में वाद दायर किया है।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी एमएन जोशी ने बताया कि विभाग द्वारा जिलेभर में लगातार छापेमारी और निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान कई प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए थे। लैब रिपोर्ट में नमूने फेल पाए जाने और कई स्थानों पर गंभीर गंदगी मिलने के बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है।
उन्होंने बताया कि 11 प्रतिष्ठानों के खिलाफ किचन में गंदगी और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने के आरोप में कार्रवाई की गई है,जबकि 8 कारोबारियों पर घटिया गुणवत्ता की मिठाई,दूध,घी और पनीर बेचने के मामले में मुकदमे दर्ज कराए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
