रुड़की(संदीप तोमर)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित रुड़की दौरे से पहले उत्तराखंड क्रांति दल(यूकेडी) के कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। मिलिट्री चौक पर एकत्र हुए कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुंचाने का प्रयास किया।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई करते हुए यूकेडी के दर्जनों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद सभी को बसों के माध्यम से गंगनहर कोतवाली ले जाकर नजरबंद कर दिया गया।
यूकेडी नेत्री रितु कंडियाल का कहना है कि रुड़की और आसपास के क्षेत्रों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं,लेकिन सरकार उनकी लगातार अनदेखी कर रही है। उनका आरोप है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने पर भी पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया है।
वहीं,पुलिस प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए एहतियातन प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया,ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।
मुख्यमंत्री के आगमन से पहले हुई इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है और यूकेडी ने सरकार के रवैये पर सवाल उठाए हैं। समाचार लिखे जाने तक यूकेडी कार्यकर्ता रितु कंडियाल के साथ ही दीपक लखवान जिला अध्यक्ष,आनंद राज पनियाला,आनंद चौधरी,शकुंतला सती,आनंद चौधरी,जिला उपाध्यक्ष विजय शर्मा,जिला प्रवक्ता सुरेश कुकरेती,जिला उपाध्यक्ष अंकित राणा,जिला संगठन मंत्री आनंद राज पनियाला,जिला महामंत्री सतेंद्र शर्मा,जिला कोषाध्यक्ष,मिलिंद चौधरी युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष महानगर,शिव कुमार कश्यप,जिला आईटी प्रभारी अरुण जख्वाल आदि गंगनहर कोतवाली में नजरबंद रखे गए हैं। उल्लेखनीय है कि खानपुर विधानसभा से चुनाव की तैयारी कर रही यूकेडी नेत्री रितु कंडियाल ने सोशल मीडिया पर घोषणा की थी कि यदि मुख्यमंत्री दबाव बनाकर कार्यकर्ताओं से जनसमस्याओं को लेकर न मिले तो उन्हें चूड़िया भेंट की जाएंगी।
