Oplus_16908288
हरिद्वार(संदीप तोमर)। बहादराबाद के शांतरशाह क्षेत्र में करीब एक सप्ताह पहले सरेआम बाइक मैकेनिक हैप्पी की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार बीती देर रात बहादराबाद और दौलतपुर के बीच जंगल में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी,जिसके बाद उसे दबोच लिया गया,जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की,जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। पैर में गोली लगने से घायल बदमाश की पहचान सहारनपुर निवासी मुदस्सिर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी नवनीत सिंह जिला अस्पताल पहुंचे और घायल बदमाश से पूछताछ की। वहीं,फरार बदमाश की तलाश में पुलिस की कई टीमें जंगल में कांबिंग कर रही हैं।
पुलिस के मुताबिक,करीब एक सप्ताह पहले शांतरशाह क्षेत्र में बाइक मैकेनिक हैप्पी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद से पुलिस हत्याकांड में शामिल बदमाशों की तलाश में जुटी थी। मुठभेड़ में एक आरोपी के पकड़े जाने के बाद अब पुलिस को हत्याकांड की कड़ियां जोड़ने में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि फरार बदमाश को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घायल आरोपी से पूछताछ के आधार पर हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं और उसके फरार साथी की भूमिका की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक,पूछताछ के बाद मामले में कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है।
