Oplus_16908288
रुड़की (संदीप तोमर)। कांवड़ यात्रा-2026 के मद्देनजर संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र शेट ने मंगलवार को कांवड़ पटरी का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न सेवा शिविरों,भंडारों एवं चिकित्सा शिविरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट विभिन्न सेवा शिविरों में पहुंचे और शिवभक्त कांवड़ियों का स्वागत करते हुए उन्हें प्रसाद एवं जल वितरित किया। उन्होंने सेवा कार्य में जुटे स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके योगदान की सराहना की। इसके बाद उन्होंने कांवड़ पटरी पर स्थापित चिकित्सा शिविरों का निरीक्षण कर चिकित्सीय सुविधाओं,दवाइयों,उपकरणों और स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं हर समय दुरुस्त रहें तथा श्रद्धालुओं को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इसी क्रम में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट समर्पण जन कल्याण संगठन ट्रस्ट द्वारा संचालित 27वें निःशुल्क चिकित्सा शिविर एवं विशाल भंडारे में भी पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना एवं आरती के बाद चिकित्सा शिविर और भंडारे की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा स्वयं शिवभक्त कांवड़ियों को भोजन प्रसाद वितरित कर सेवा कार्य में सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समर्पण के पंडाल में आकर उन्हें अपने घर जैसा अपनापन महसूस हुआ। उन्होंने कहा कि गांव में भी उन्होंने कई भंडारों में सेवा की है,लेकिन यहां की सेवा भावना और व्यवस्थाओं को देखकर अत्यंत प्रसन्नता हुई। उन्होंने संस्था की सराहना करते हुए कामना की कि समर्पण परिवार इसी तरह वर्षों तक समाज सेवा करता रहे।
समर्पण जन कल्याण संगठन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेश यादव ने संयुक्त मजिस्ट्रेट का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जब तक कांवड़ यात्रा जारी रहेगी और शिवभक्त कांवड़िए आते रहेंगे,तब तक समर्पण परिवार दिन-रात निःस्वार्थ भाव से भंडारा एवं सेवा कार्य जारी रखेगा।
भंडारे के छठे दिन इंडियन यूथ क्लब एवं आईआईटी के छात्रों ने शिवभक्तों को गरमा-गरम घेवर का प्रसाद वितरित किया,जबकि प्रतिदिन सुबह पोहा वितरण कर भी सेवा कार्य में योगदान दिया। इस दौरान संस्था अध्यक्ष नरेश यादव,महामंत्री प्रदीप गोयल,कोषाध्यक्ष शशिकांत अग्रवाल सहित समर्पण परिवार के अनेक सदस्य सेवा कार्य में सक्रिय रूप से मौजूद रहे।
उनके निरीक्षण की खास बात यह रही कि गंगनहर पटरी निरीक्षण में वह एक आईएएस अधिकारी और कांवड़ियों की सेवा में सामान्य सेवक बने दिखे। उनके इस सरल अंदाज की सबने सराहना की।
