हरिद्वार(संदीप तोमर)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार-2026” और “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत बहादराबाद पुलिस ने नशीले इंजेक्शनों की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 50 प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए हैं। उधर बुग्गावाला पुलिस ने एक नशा तस्कर को 44 प्रतिबंधित इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार,पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब, मादक पदार्थों,नशा तस्करी और अन्य अपराधों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक बहादराबाद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 16 जून को गश्त और चेकिंग के दौरान नहर पटरी से ज्वालापुर जाने वाले मार्ग पर हैंडपंप के पास से आरोपी राव रिहान को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से Buprenorphine Injection IP (Legesic) के 50 अवैध नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह डी-फार्मा का छात्र रह चुका है और मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीले इंजेक्शनों का कारोबार करता था। उसने बताया कि सिडकुल क्षेत्र में मजदूरों के बीच इन इंजेक्शनों की मांग अधिक होने के कारण लालच में आकर वह इस अवैध धंधे में शामिल हो गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली बहादराबाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राव रिहान पुत्र अहसान, निवासी बढ़ेड़ी राजपूतान, कोतवाली बहादराबाद, हरिद्वार के रूप में हुई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विकास रावत, कांस्टेबल नितुल यादव और कांस्टेबल पंकज बिष्ट शामिल रहे। उधर उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार एवं “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना बुग्गावाला पुलिस ने एक नशा तस्कर को 44 नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशों पर थानाध्यक्ष बुग्गावाला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 16 जून 2026 की शाम रोशनाबाद-बुग्गावाला मार्ग पर ग्राम कुड़कावाला तिराहे के पास चेकिंग अभियान के दौरान आरोपी कुर्बान पुत्र इसरार, निवासी मोहल्ला चौहानन, कोतवाली ज्वालापुर, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 44 लीजेसिक(Buprenorphine) नशीले इंजेक्शन (कुल 88 एमजी व्यावसायिक मात्रा) तथा एक काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कई बड़े ड्रग पैडलरों के नामों का भी खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बुग्गावाला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, प्रकाश में आए अन्य ड्रग तस्करों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुनील रमोला, हेड कांस्टेबल हरिओम तथा कांस्टेबल विक्रम शामिल रहे।
