Oplus_16908288
रुड़की(संदीप तोमर)। हरिद्वार जनपद के रुड़की क्षेत्र में गंगनहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध असलहा बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में हथियार और उपकरण बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी रुड़की के निर्देशन में कोतवाली गंगनहर पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया।
इस टीम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव ने किया। टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक दीप कुमार,उप निरीक्षक मुनव्वर हसन,नवीन कुमार,पंकज कुमार,अपर उप निरीक्षक मनीष कवि,हेड कांस्टेबल इसरार अली,कांस्टेबल नितिन,रवि कुमार और चालक लाल सिंह शामिल रहे।
मुखबिर की सूचना पर सुनहरा सलेमपुर रोड स्थित एक वर्कशॉप पर छापा मारा गया,जहां अवैध असलहा बनाने का काम चल रहा था। पुलिस ने मौके से जावेद नाम के आरोपी को हिरासत में लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी का पुश्तैनी काम खराद यानि मशीन वर्क का है। इसी हुनर का इस्तेमाल कर वह वर्कशॉप में डाई बनाने की आड़ में तमंचे और पिस्टल तैयार कर रहा था।
पुलिस ने मौके से 6 अवैध तमंचे,एक अधबनी पिस्टल,एक अधबनी .22 बोर राइफल,जिंदा और खोखा कारतूस सहित भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। एसएसपी ने पुलिस टीम की पीठ थपथपाई है।
