Oplus_16908288
रुड़की(संदीप तोमर)। स्थानीय वन विभाग की रेंज के अंतर्गत ग्राम भौंरी में बीती रात उस समय हड़कंप मच गया,जब एक गुलदार करीब 15 फीट गहरे कुएं में गिर गया। ग्रामीणों ने कुएं से आती हलचल देखी तो मामले की जानकारी तुरंत वन विभाग को दी,जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद हरिद्वार की क्यूआरटी (QRT) टीम ने गुलदार को ट्रेंकुलाइज कर काबू में लिया। इसके बाद सावधानी के साथ उसे कुएं से बाहर निकाल लिया गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मौके पर भारी भीड़ मौजूद रही, वहीं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग की टीम लगातार लोगों को दूर रहने की अपील करती रही।
रेंजर शैलेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में वन कर्मियों और पशु चिकित्सकों की टीम ने पूरे अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
वन विभाग के अनुसार गुलदार को आगे की कार्रवाई के लिए चिड़ियापुर रेंज भेज दिया गया है,जहां उसकी स्वास्थ्य जांच के बाद आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।
इस घटना के बाद इलाके में कुछ समय तक दहशत का माहौल रहा, हालांकि गुलदार के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
