Oplus_16908288
रुड़की(संदीप तोमर)। भारतीय किसान यूनियन (अम्बावत) के एक प्रतिनिधिमंडल ने काशीपुर, जनपद उधम सिंह नगर निवासी किसान सरदार सुखवंत सिंह द्वारा की गई आत्महत्या के मामले में निष्पक्ष जाँच एवं पीड़ित परिवार को राहत दिए जाने की माँग को लेकर जिला कलेक्ट्रेट हरिद्वार के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तराखंड को एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में संगठन ने मामले की CBI से जाँच कराए जाने की माँग करते हुए कहा कि किसान की आत्महत्या के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों और जिम्मेदारों का सामने आना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही संगठन ने पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा तत्काल प्रभाव से एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की माँग भी उठाई।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि यदि सरकार ने इस गंभीर मामले पर शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए और पीड़ित परिवार को न्याय व राहत नहीं मिली, तो भारतीय किसान यूनियन (अम्बावत) सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चौधरी,ताज मोहम्मद, रक़ीब गौरी,प्रेम सिंह,आर.के. त्यागी,मोहित चौधरी,मनोज चौधरी,अर्जुन सिंह सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
