Oplus_16908288
रुड़की(संदीप तोमर)। भारतीय ब्रह्म सभा द्वारा आगामी 1 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले ‘होली मिलन कार्यक्रम’ की तैयारियाँ शुरू हो गई हैं। इसी उपलक्ष्य में जनपदीय धर्मशाला में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान निमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में संरक्षक सौरभ भूषण शर्मा,प्रदेश अध्यक्ष अरविंद शर्मा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे।
संरक्षक सौरभ भूषण शर्मा ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं,बल्कि समाज को एकता की डोर में बांधने का पर्व है। भारतीय ब्रह्म सभा इस आयोजन के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करने का संकल्प दोहराती है।
प्रदेश अध्यक्ष अरविंद शर्मा ने कार्यक्रम की रूपरेखा रखते हुए बताया कि 1 मार्च का यह कार्यक्रम भव्य और ऐतिहासिक होगा। हम चाहते हैं कि इस उत्सव में विप्र समाज का प्रत्येक व्यक्ति सपरिवार शामिल हो और भाईचारे का संदेश प्रसारित करे।
प्रदेश उपाध्यक्ष संदीप शर्मा ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में नई ऊर्जा का संचार करते हैं। कार्यकर्ता घर-घर जाकर इस निमंत्रण पत्र के माध्यम से लोगों को आमंत्रित करेंगे।
आचार्य पंडित रमेश सेमवाल ने आध्यात्मिक महत्व बताते हुए कहा कि होली का पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। मंत्रोच्चार और परंपराओं के साथ मनाया जाने वाला यह मिलन उत्सव हमारी नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने का काम करेगा।
विमोचन के अवसर पर नगर अध्यक्ष राजेश कपिल,एडवोकेट श्री गोपाल नारसन,उमेश शर्मा,नीरज कपिल,संदीप कौशिक,नगर महामंत्री मनोज कुमार शर्मा,अनुज कुमार शर्मा,मास्टर जी और आदित्य शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
सभी उपस्थित सदस्यों ने संकल्प लिया कि इस बार का होली मिलन समारोह भव्यता और शुचिता के साथ संपन्न किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में नगर अध्यक्ष राजेश कपिल ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
