Oplus_16908288
हरिद्वार(संदीप तोमर)। जनपद के बहादराबाद क्षेत्र में प्रदूषण फैलाने वाली प्लास्टिक गलाने की अवैध इकाइयों पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर दादूपुर गोविंदपुर इलाके में छापेमारी करते हुए दो अवैध इकाइयों में लगी पांच मशीनों को सीज कर दिया गया। इन मशीनों के जरिए बिना अनुमति प्लास्टिक गलाकर उससे प्लास्टिक दाने बनाने का काम किया जा रहा था,जिससे आसपास के इलाके में धुआं और दुर्गंध फैलने की शिकायत मिल रही थी।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने स्थानीय लोगों द्वारा डीएम से जनता दरबार में की गई शिकायत पर मिले निर्देशों के क्रम में दादूपुर गोविंदपुर क्षेत्र में जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि दो इकाइयों में बिना किसी अनुमति के प्लास्टिक गलाने का काम किया जा रहा था। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए वहां लगी पांच मशीनों को सीज कर दिया।
अधिकारियों का कहना है कि प्लास्टिक गलाने से निकलने वाले धुएं और दुर्गंध से आसपास रहने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही थी। इसी को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के रीजनल ऑफिसर राजेंद्र सिंह कठैत ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने साफ कहा कि बिना अनुमति प्रदूषण फैलाने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के खिलाफ अभियान आगे भी चलता रहेगा।
