मातृशक्ति की मजबूती की जिम्मेदारी बखूबी निभा रही दुर्गा वाहिनी–चैरब जैन
रुड़की (संदीप तोमर)। विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में दुर्गा वाहिनी एवं मातृशक्ति द्वारा रविवार को नगर में भव्य दुर्गा शक्ति यात्रा निकाली गई। हिंदू समाज की किशोरियों और युवतियों में आत्मरक्षा,सुरक्षा और शक्ति का संचार करने के उद्देश्य से आयोजित इस यात्रा में भारी संख्या में मातृशक्ति ने भाग लिया।
यात्रा का शुभारंभ नेहरू स्टेडियम से हुआ और यह नगर के प्रमुख मार्गों — मेन बाजार,नगर निगम,चंद्रशेखर चौक,सिविल लाइन, मरुड़की टॉकीज चौक,बोट क्लब से होते हुए पुनः नेहरू स्टेडियम में जाकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान जगह-जगह समाज सेवियों और श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर भव्य स्वागत किया।
पुष्प वर्षा बनी आकर्षण का केंद्र
यात्रा के दौरान समाजसेवी,भाजपा नेता एवं फोनिक्स शिक्षा ग्रुप के चेयरमैन चैरब जैन की टीम द्वारा आधुनिक यंत्रों से की गई फूलों की वर्षा ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। निजी कारणों से कार्यक्रम में उपस्थित न हो पाने पर भी चैरब जैन ने अपने संदेश में कहा कि “आज मातृशक्ति को मजबूत होने की आवश्यकता है और दुर्गा वाहिनी इस जिम्मेदारी को बखूबी निभा रही है।”
नारी शक्ति कुरीतियों के अंत के लिए तैयार-कमलेश सिंह
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता प्रांत उपाध्यक्ष कमलेश सिंह ने विश्व हिंदू परिषद एवं दुर्गा वाहिनी की स्थापना के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “नारी शक्ति कमजोर नहीं है। जैसे माता दुर्गा ने महिषासुर का विनाश किया,वैसे ही दुर्गा वाहिनी समाज की कुरीतियों को समाप्त करेगी। महिलाएं अपनी सुरक्षा स्वयं करने में सक्षम हैं।”
महिला आयोग अध्यक्ष ने लव जिहाद व नशा मुक्ति पर किया संबोधन
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कहा कि महिलाओं में शक्ति संचार और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हिंदू वाहिनी की महिलाएं किसी से कम नहीं हैं और समाज में सकारात्मक परिवर्तन की अगुवाई कर रही हैं। उन्होंने लव जिहाद,नशा मुक्ति और परिवार प्रबोधन जैसे विषयों पर भी अपने विचार व्यक्त किए।
अनेक गणमान्य रहे मौजूद
कार्यक्रम की अध्यक्षता मनीषा बत्रा एवं विधायक प्रदीप बत्रा ने की। इस अवसर पर मधुराका सक्सेना,अक्षरा सिंह,जिला अध्यक्ष बृजेश सैनी,राजेंद्र कुमार सैनी,शैली त्यागी,दिलीप मेहंदीरत्ता,शिव प्रकाश त्यागी, संजय सिंह,संजय धीमान,भानु प्रताप सिंह,नीतू सिंह,मंजू सैनी, राहुल सैनी,पार्षद चंद्रप्रकाश बाटा सहित बड़ी संख्या में लोग एवं मातृशक्ति उपस्थित रही।
